26 मार्च की रात Fortune की रिपोर्टर बी नोलन ने Anthropic के 3,000 से ज़्यादा गुप्त दस्तावेज़ एक खुले डेटाबेस में पाए और कंपनी को सूचित किया। Anthropic, जो AI safety को अपनी पहचान मानती है, उसी के सिस्टम से यह भारी डेटा लीक सामने आया है।
इन फाइलों ने कंपनी के सबसे बड़े और महंगे प्रोजेक्ट का पर्दाफाश कर दिया है। यह एक नया ‘कैपीबारा’ (Capybara) टियर है, जिसमें ‘क्लॉड माइथोस’ (Claude Mythos) नाम का एडवांस एआई मॉडल शामिल है।
एक मानवीय चूक और सामने आया सच
यह कोई हाई-टेक हैकिंग का नतीजा नहीं था। कंपनी के कंटेंट मैनेजमेंट सिस्टम (CMS) में एक छोटी सी मानवीय चूक हुई थी, जिसके कारण फाइलों की प्राइवेसी सेटिंग गलती से पब्लिक रह गई थी।
फॉर्च्यून (Fortune) के अनुरोध पर लेयरएक्स सिक्योरिटी (LayerX Security) के रिसर्चर रॉय पाज़ (Roy Paz) और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के साइबर सुरक्षा शोधकर्ता एलेक्जेंडर पॉवेल्स (Alexandre Pauwels) ने इन दस्तावेजों का स्वतंत्र रूप से रिव्यू किया। इन्होंने पुष्टि की कि इन 3,000 फाइलों को पहले कभी पब्लिश नहीं किया गया था।
साइबर सुरक्षा के लिए ‘अभूतपूर्व’ जोखिम
लीक हुए ड्राफ्ट ब्लॉग पोस्ट में एंथ्रोपिक ने खुद माना है कि यह नया मॉडल ‘अभूतपूर्व साइबर सुरक्षा जोखिम’ (unprecedented cybersecurity risks) पैदा करता है। यह सिस्टम सुरक्षा प्रणालियों की कमजोरियां इतनी तेजी से पकड़ सकता है, जो साइबर डिफेंस से जुड़े लोगों के प्रयासों को बहुत पीछे छोड़ देगा।
क्लॉड का मौजूदा मॉडल ‘ओपस 4.6’ पहले ही Terminal-Bench 2.0 कोडिंग टेस्ट में 65.4% स्कोर के साथ OpenAI के GPT-5.2-Codex को पीछे छोड़ चुका है। लीक हुए दस्तावेजों के मुताबिक, माइथोस का स्कोर ओपस 4.6 से कहीं ज़्यादा बताया जा रहा है।
बाजार में हलचल और निवेशकों का डर
बेंज़िंगा (Benzinga) और कॉइनडेस्क (CoinDesk) की रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस लीक की खबर बाहर आते ही शेयर बाजार में इसका सीधा असर दिखा। क्राउडस्ट्राइक (CrowdStrike), पालो ऑल्टो नेटवर्क्स (Palo Alto Networks) और फोर्टिनेट (Fortinet) जैसी दिग्गज साइबर सुरक्षा कंपनियों के शेयर 5 से 7 फीसदी तक गिर गए।
निवेशकों को डर सता रहा है कि जब एआई खुद ही सबसे बारीक बग ढूंढने और उनका फायदा उठाने लगेगा, तो इन कंपनियों के मौजूदा सुरक्षा सॉफ्टवेयर बेअसर हो सकते हैं। इससे पहले चीन के स्टेट-स्पॉन्सर्ड हैकर्स ‘क्लॉड कोड’ का इस्तेमाल करके 30 बड़े संगठनों में सेंध लगा चुके हैं। एक अन्य टेस्टिंग में पुराने क्लॉड मॉडल ने महज 8 घंटे में एक खतरनाक मैलवेयर भी तैयार कर दिया था।
एंथ्रोपिक का बयान और गुप्त इवेंट
मामला सामने आने के बाद एंथ्रोपिक ने तुरंत इन फाइलों का पब्लिक एक्सेस बंद कर दिया। कंपनी के प्रवक्ता ने स्वीकार किया कि वे रीजनिंग, कोडिंग और साइबर सुरक्षा में सार्थक प्रगति करने वाले मॉडल की टेस्टिंग कर रहे हैं, जो उनका अब तक का सबसे सक्षम मॉडल है।
लीक हुए डेटा से यह भी पता चला है कि एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई (Dario Amodei) यूरोप के एक 18वीं सदी के महल में एक गुप्त ‘इनवाइट-ओनली’ इवेंट आयोजित कर रहे हैं। इस इवेंट में चुनिंदा बिजनेस लीडर्स को माइथोस की क्षमताओं का सीधा प्रदर्शन दिया जाना था।
रिलीज कब? Anthropic खुद नहीं जानती
फिलहाल एंथ्रोपिक इस शक्तिशाली मॉडल को सीधे आम पब्लिक के लिए रिलीज नहीं कर रहा है। इसे ‘अर्ली एक्सेस’ के तहत केवल उन चुनिंदा संगठनों को दिया जा रहा है, जो साइबर डिफेंस मजबूत करने का काम करते हैं।
कंपनी का लक्ष्य है कि साइबर हमलावर इसका फायदा उठाएं, उससे पहले सुरक्षाकर्मियों को अपने सिस्टम के कोडबेस को सुधारने का एक ‘हेड स्टार्ट’ मिल जाए।
इस बीच SiliconANGLE के मुताबिक OpenAI के नए मॉडल ‘Spud’ की pre-training पूरी हो चुकी है और इसे जल्द लॉन्च किया जा सकता है।

